इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियन्स ने किंग्स एलेवेन पंजाब को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ मुंबई इंडियन्स ने अपनी प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनकी टीम के गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए पंजाब को 20 ओवरों में छह विकेट पर 174 रन पर ही रोक दिया। जिसके जवाब में मुंबई इंडियन्स की टीम ने 19 ओवर में ही निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया और टीम को जीत दिला दी।
मुंबई की जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (57) और क्रुणाल पांड्या रहे। मुंबई जब संकट में थी तब पांड्या ने महज 12 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई। इसमें कप्तान रोहित शर्मा ने उनका बखूबी साथ दिया। कप्तान ने 15 गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मार उपयोगी 24 रन बनाए और टीम को जीत दिला कर नाबाद पवेलियन लौटे।
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को अच्छी शुरुआत की जरुरत थी। सूर्यकुमार इस आईपीएल में फॉर्म में हैं और उन्होंने इस मैच में भी बल्ले से बेहतरीन पारी खेलते हुए 42 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार इविन लुइस 10 रनों के निजी स्कोर पर मुजीब उर रहमान की गेंद पर पवेलियन लौट लिए। मुंबई का पहला विकेट छठे ओवर की दूसरी गेंद पर 38 के कुल स्कोर पर गिरा।
अर्धशतक पूरा करने के कुछ देर बाद सूर्यकुमार भी मार्कस स्टोइनिस का शिकार हो गए। सूर्यकुमार का विकेट 80 के कुल स्कोर पर गिरा। इन-फॉर्म बल्लेबाज के आउट होने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई। ईशान किशन बड़ा शॉट मारने के प्रयास में मुजीब की गेंद पर 100 के कुल स्कोर पर बोल्ड हो गए।
उससे पहले पंजाब की ओर से बल्लेबाजी करने उतरे गेल और लोकेश राहुल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवरों में 54 रन जोड़े।
गेल ने बेन कटिंग द्वारा फेंके गए 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर आईपीएल में अपना 25वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन तीन गेंद पर बाद वह कटिंग की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में सूर्यकुमार को कैच दे बैठे। गेल का विकेट 88 के कुल स्कोर पर गिरा।
अक्षर पटेल 13 रनों के निजी स्कोर पर बुमराह का शिकार बने। मयंक अग्रवाल का बल्ला सिर्फ 11 रन ही पंजाब के खाते में डाल सका। अंत में मार्कस स्टोइनिस ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रनों की पारी खेलकर टीम को 174 के कुल स्कोर तक पहुंचाया।
बेहतरीन अर्धशतकीय शतकीय पारी के लिए सूर्यकुमार यादव को ‘मैन ऑफ दी मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।